‘खोसला का घोसला 2’ की रिलीज डेट तय, रक्षाबंधन पर सिनेमाघरों में देगी दस्तक

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘खोसला का घोसला’ अब अपने सीक्वल के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। साल 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। ऐसे में जैसे ही इसके दूसरे भाग की घोषणा हुई, प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया। अब निर्माताओं ने ‘खोसला का घोसला 2’ की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है।

 

रक्षाबंधन के मौके पर रिलीज होगी फिल्म

 

निर्देशक प्रशांत भागिया के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म को रक्षाबंधन के मौके पर रिलीज करने की योजना बनाई गई है, जिससे परिवारिक दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित किया जा सके। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हीरेमठ और राज हीरेमठ ने मिलकर किया है।

 

पुरानी स्टारकास्ट फिर आएगी नजर

 

‘खोसला का घोसला 2’ में पहली फिल्म के कई लोकप्रिय कलाकार एक बार फिर अपने किरदारों में नजर आएंगे। अनुपम खेर ‘कमल किशोर खोसला’ के रूप में वापसी करेंगे, वहीं बोमन ईरानी दबंग ‘खुराना’ के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा रणवीर शौरी, तारा शर्मा और परवीन डबास भी सीक्वल का हिस्सा होंगे। इससे पहले साल की शुरुआत में अनुपम खेर ने जानकारी दी थी कि फिल्म का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब दर्शकों को इसके सिनेमाघरों में रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com