न्यूजीलैंड महिला टीम ने पहले टी-20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 80 रन से हराया

माउंट माउंगानुई (न्यूजीलैंड) : न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम को 80 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड महिला टीम ने टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

 

माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की कप्तान अमेलिया केर ने 44 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल थे। सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर ने 44 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। सोफी डिवाइन 12, ब्रुक हॉलिडे 13 और मैडी ग्रीन ने 10 रन का योगदान दिया।

 

दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के लिए मसाबाटा कलास और नादिन डी क्लर्क ने दो-दो विकेट लिए। अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने एक-एक विकेट लिया।

 

इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज तजमिन ब्रिट्स ने 35 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 29 रनों की जुझारू पारी खेली। कायला रेनेके 18 गेंदों में चार चौकों के साथ 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। बाकी बल्लेबाज बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहे, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें 80 रनों से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड महिला टीम की ओर से अनुभवी सोफी डिवाइन ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और चार विकेट लिए। वहीं जेस केर ने दो विकेट लिए।

 

कप्तान अमेलिया केर को उनके शानदार अर्धशतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दोनों देशों के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 17 मार्च को हैमिल्टन में खेला जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com