लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर के नक्शेकदम पर चलने वाली बसपा ‘बहुजन समाज’ के हित कल्याण व उत्थान के लिए असली पार्टी है। जबकि सपा व अन्य विरोधी पार्टियों की कथनी और करनी में भारी अंतर है। ऐसी पार्टियाें के छलवा और दिखावा से सावधानी बरतना जरूरी है।
बसपा प्रमुख मायावती रविवार को माल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कैम्प कार्यालय में कांशीराम के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के बाद वरिष्ठ नेताओं काे संबाेधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि दलितों, अन्य पिछड़ों व मुस्लिम समाज आदि का हर स्तर पर शोषण करने वाली पार्टियों में से खासकर सपा व अब इनका पीडीए प्रेम विशुद्ध छलावा है। इनको इन वर्गों व इनके महापुरुषों की याद केवल चुनाव के समय में ही आती है। सरकार बन जाने के बाद वह भी दूसरी पार्टियों की इन वर्गों का तिरस्कार कर देती है। इन पार्टियों का इतिहास है। उन्हाेंने कहा कि मुस्लिम समाज के इन पार्टियों से काफी हद तक अलग होने व ब्राह्मण समाज के भी बसपा से जुड़ने से सपा का राजनीतिक व जातिवादी बैर भाव बढ़ता जा रहा है।
कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से अपील की है कि इन पार्टियों के हर प्रकार के छलावा व दिखावा से सावधानी बरतना जरूरी है। इतना ही नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी ने संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अम्बेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया। वर्तमान में केंद्र की भाजपा सरकार भी मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने में देरी कर रही है। बसपा प्रमुख ने कहा कि देश में संविधान के अनुसार समतामूलक समाज तैयार करने के मामले में उनका योगदान ऐतिहासिक है और इस कारण वे लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बहुजन समाज के लोग बसपा मूवमेंट से जुड़कर मिशनरी अम्बेडकरवादी बनें। अपने वोटों की शक्ति से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें।
उल्लेखनीय है कि मायावती के निर्देश पर राजधानी लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश के 12 मंडलों और नोएडा में छह मंडलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा। राजधानी में आयोजित कार्यक्रम को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal