एनएचएआई ने वार्षिक फास्टैग के दाम 3000 से बढ़ाकर 3075 रुपये किये, 1 अप्रैल से लागू

नई दिल्ली : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) ने आगामी वित्त वर्ष के लिए फास्टैग वार्षिक पास के शुल्क को 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दिया है। नए रेट 1 अप्रैल से लागू होंगे।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण और वसूली) नियम, 2008 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है। देश में निजी वाहन मालिकों के बीच फास्टैग वार्षिक पास को तेजी से अपनाया जा रहा है और वर्तमान में इसके 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता हैं। वार्षिक पास को 15 अगस्त 2025 को शुरू किया गया था। प्राधिकरण के अनुसार इसे देशभर के राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

 

संशोधित शुल्क राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय द्रुतमार्गों के लगभग 1150 टोल प्लाजा पर लागू होगा। यह सुविधा केवल वैध फास्टैग वाले गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए उपलब्ध है। फास्टैग वार्षिक पास एक बार शुल्क भुगतान करने पर एक वर्ष या 200 टोल प्लाजा पार करने तक मान्य रहता है। इससे बार-बार फास्टैग रिचार्ज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

 

प्राधिकरण ने बताया कि एकमुश्त शुल्क का भुगतान करने के बाद यह पास दो घंटे के भीतर वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर सक्रिय हो जाता है। इसके लिए राजमार्ग यात्रा अनुप्रयोग या प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com