ओडिशा के कटक एससीबी मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा आईसीयू में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत

भुवनेश्वर : ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में सोमवार तड़के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई। कई अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए।

 

 

 

प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, आग सुबह करीब 2:30 बजे पहली मंजिल पर लगी। आशंका है कि बिजली का शॉर्ट सर्किट कारण हो सकता है, हालांकि आग का वास्तविक कारण जांच में पता चलेगा।

 

 

 

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तुरंत घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे की न्यायिक जांच के निर्देश दिए हैं ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर उनका उपचार जारी रखा जाए।

 

इस घटना में मृतकों के निकट संबंधियों के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 25-25 लाख रुपये की अनुकंपा सहायता देने की घोषणा की है।

 

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

 

उन्होंने चिकित्सा विभाग और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि आईसीयू से स्थानांतरित किए गए सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com