कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में सोमवार शाम बकरी चराने गई 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव को खेत मे गाड़ दिया गया। परिजनों ने पड़ोसी पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने की आशंका जता रहे है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी पांचवी की छात्रा थी। सोमवार शाम मासूम बकरी चराने खेत गई थी। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ खोजबीन शुरू कर दी लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। आज तड़के परिजनों ने दोबारा खोजबीन शुरू की। तभी घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गेंहू के खेत मे हाल ही की मिट्टी खुदी हुई देख परिजनों ने खोद कर देखा तो बच्ची का शव दिखा। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर शव को बाहर निकलवाया।
बच्ची निर्वस्त्र थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की हालत देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को गाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर ने बताया कि एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal