Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के कथित तौर ‘लापता’ होने की चर्चा की ओर इशारा करते हुए संकेत दिया है कि वह शायद ही जीवित हैं। ट्रंप ने अपने बयान में कहा है कि कुछ रिपोर्टें कह रही हैं कि खामेनेई हवाई हमले में घायल हो गए हैं या उनका चेहरा बिगड़ गया है, लेकिन अभी तक किसी ने भी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है कि वह स्वस्थ हैं या जीवित हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- हमें नहीं पता, वह मर चुके हैं या नहीं
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “कुछ लोगों का कहना है कि शायद हवाई हमले में उनका एक पैर चला गया हो, जबकि दूसरे का कहना है कि उनका चेहरा बिगड़ गया है; लेकिन ‘किसी ने भी’ सार्वजनिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की है कि वह नेता स्वस्थ हैं या जीवित भी हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमें नहीं पता… कि वह मर चुके हैं या नहीं।”
उन्होंने यह भी कहा, “कोई भी यह नहीं कह रहा कि वह 100% स्वस्थ हैं।” व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मैं बस इतना कहूंगा कि किसी ने भी उन्हें नहीं देखा है, जो कि एक अजीब बात है।”
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बहुत से लोग यह कह रहे हैं कि खामेनेई का चेहरा बुरी तरह बिगड़ गया है और उन्हें कई चोटें लगी हैं। कुछ रिपोर्टें तो ऐसी भी हैं कि खामेनेई का एक पैर गंवाने के साथ-साथ पेट या लिवर में गंभीर चोटें आई हैं। इसी बीच, कुछ रिपोर्टें तो यहां तक भी हैं कि वह मौत के घाट उतार दिए गए हैं।
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ईरानी नेता की सेहत या जिंदा होने को लेकर संदेह जताया है। एनबीसी न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उनके पास ऐसा कोई स्पष्ट सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि मोजतबा खामेनेई अभी भी जीवित हैं।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खामेनेई का सत्ता संभालने के बाद पहला संदेश एक लिखित बयान था, जो कि इन अटकलों को और बढ़ाता है कि वह गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं या उनके साथ कुछ अनहोनी हुई है।
कुछ रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे खामेनेई को हवाई हमले में गंभीर चोटें आई थीं और वह कोमा में चले गए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पहले संकेत दिया था कि नए नेता घायल हैं और अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
इस महीने की शुरुआत से ही, मोजतबा खामेनेई लोगों की नजरों से दूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और ठिकाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। ईरानी अधिकारियों का हवाला देते हुए ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने बताया कि हो सकता है कि शुरुआती हमलों के दौरान उन्हें चोट लगी हो।
ईरानी सरकारी टेलीविजन ने उन्हें ‘घायल अनुभवी’ बताया है, लेकिन इसके बारे में और कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। ईरान के विदेश मंत्री, अब्बास अराघची ने कहा है कि नए सर्वोच्च नेता के साथ ‘कोई दिक्कत नहीं’ है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal