पंकज चौधरी का सपा पर तीखा प्रहार: अखिलेश की नारी सम्मान योजना केवल चुनावी छलावा, गुंडाराज को नहीं भूलीं बहन-बेटियां

Lucknow : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा सपा सरकार बनने पर नारी सम्मान समृद्धि योजना शुरू कर महिलाओं को 40 हजार की धनराशि दिये जाने की घोषणा को चुनावी मौसम में लुभावने वादों का एक और उदाहरण बताया। उन्होनें कहा कि सपा ने चुनावी लाभ के लिए नारी सम्मान समृद्धि योजना शुरू की है। लेकिन जनता अब केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ज़मीन पर दिखने वाले कार्यों पर विश्वास करती है।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे नीति और परिणाम में बदला है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जनधन योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया, और प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ी संख्या में घर महिलाओं के नाम पर दिए गए। इसके साथ ही मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और मिशन शक्ति जैसे प्रयासों ने महिलाओं के जीवन में ठोस बदलाव लाया है।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। एंटी-रोमियो स्क्वाड, महिला हेल्पलाइन 1090, फास्ट ट्रैक कोर्ट्स और मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में काफी कमी आई है और बहन-बेटियों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। आज उत्तर प्रदेश की पहचान एक ऐसे राज्य के रूप में बन रही है जहां महिलाएं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा, रोजगार और उद्यम के अवसर प्राप्त कर रही हैं।

 

श्री चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास महिलाओं की सुरक्षा के मामले में गंभीर सवालों से घिरा रहा है। ऐसे में केवल चुनावी लाभ के लिए नई-नई योजनाओं की घोषणा करना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। सपा सरकार के दौरान लाल टोपी वाले गुंडों की अराजकता से उपजे भय और दहशत को प्रदेश की बहन-बेटियां आज भी भूल नहीं पाई हैं। सपा शासन में उत्तर प्रदेश में फैले जंगल राज को याद कर महिलाएं आज भी सहम जाती हैं। प्रदेश की महिलाएं यह भली-भांति समझती हैं कि उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कौन सी सरकार ने वास्तविक कार्य किया है।पंकज चौधरी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ के मंत्र के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और आगे भी यह संकल्प अडिग रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com