न्यूजीलैंड में नई टी20 प्रतियोगिता ‘एनजेड20’ को मिली मंजूरी

वेलिंगटन : न्यूजीलैंड क्रिकेट ने प्रस्तावित नई टी20 प्रतियोगिता ‘एनजेड20’ को देश की प्रमुख घरेलू टी20 प्रतियोगिता बनाने की दिशा में प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के बाद बोर्ड अब प्रतियोगिता के संचालन, अधिकार वितरण और व्यावसायिक व्यवस्था जैसे पहलुओं पर काम करेगा।

 

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, यह कदम देश की घरेलू टी20 व्यवस्था को नया रूप देने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके लागू होने पर वर्तमान सुपर स्मैश प्रतियोगिता की जगह ‘एनजेड20’ ले सकती है। सुपर स्मैश की शुरुआत पुरुष वर्ग में 2005-06 और महिला वर्ग में 2007-08 में हुई थी।

 

नई प्रतियोगिता के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट मौजूदा संघ-आधारित प्रणाली से हटकर टीम-आधारित व्यवस्था अपनाएगा, जैसा कि दुनिया के कई देशों में प्रचलित है।

 

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की अध्यक्ष डायना पुकेटापु-लिंडन ने सोमवार को बताया कि बोर्ड के सामने ‘एनजेड20’ को स्वतंत्र रूप से आयोजित करने या ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश प्रतियोगिता से जोड़ने का विकल्प था, लेकिन विस्तृत चर्चा के बाद स्वतंत्र प्रतियोगिता को ही उचित माना गया।

 

उन्होंने कहा, “बोर्ड ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया और यह निष्कर्ष निकाला कि 21 वर्ष पुरानी सुपर स्मैश प्रतियोगिता को नए रूप में प्रस्तुत करने का यही सही समय है। इसके लिए व्यापक परामर्श और डेलॉइट की रिपोर्ट सहित कई पहलुओं का अध्ययन किया गया है।”

 

उन्होंने आगे कहा कि अगला चरण ‘एनजेड20’ के साथ शर्तों को अंतिम रूप देना और सदस्यों का समर्थन प्राप्त करना होगा।

 

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने यह भी स्पष्ट किया कि नई प्रतियोगिता में महिला क्रिकेट को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि महिला टी20 प्रतियोगिता को समान महत्व और व्यापक पहचान मिल सके।

 

इसके साथ ही क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को बनाए रखने पर भी जोर दिया जाएगा, जिससे देशभर के दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देख सकें। टीमों के स्वामित्व और हिस्सेदारी से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com