रणवीर सिंह पर फिर उठा ‘कांतारा’ विवाद

बेंगलुरु : बाॅलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर जहां चर्चा में हैं, वहीं ‘कांतारा’ फिल्म विवाद में कर्नाटक उच्च न्यायालय में मंगलवार को सुनवाई हुई।

 

इस दौरान शिकायतकर्ता ने अभिनेता की ओर से मांगी गई माफी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह संभवतः उनकी सोशल मीडिया टीम द्वारा शेयर की गई है। वहीं, अभिनेता के वकील ने अदालत को बताया कि जल्द ही लिखित माफीनामा दाखिल किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 10 अप्रैल को तय की गई है।

 

सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के वकील प्रशांत मेथल ने दलील दी कि रणवीर सिंह की माफी में ईमानदारी की कमी है, क्योंकि यह केवल इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए व्यक्त की गई और व्यक्तिगत रूप से नहीं दी गई। इसके जवाब में अभिनेता के वकील ने कहा कि एक हलफनामा दाखिल किया जाएगा, जिसमें अभिनेता बिना शर्त माफी मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ‘कांतारा’ के दैव की नकल को लेकर अभिनेता वास्तव में आहत हैं और उनका किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था।

 

यह विवाद भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 56वां संस्करण के समापन समारोह से जुड़ा है, जहां अभिनेता ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा’ की सराहना करते हुए एक टिप्पणी की थी। उनके बयान में ‘दैवीय शक्ति’ को भूत कहे जाने पर विवाद खड़ा हो गया। लोगों का कहना है कि यह देवी चामुंडी का अपमान है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com