कोलकाता : आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बड़ा फैसला लेते हुए स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने इस घोषणा के साथ रिंकू पर अपने भरोसे को दोहराया है, जो पिछले कुछ सीजन से टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं।
28 वर्षीय रिंकू सिंह ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग से केकेआर को कई मैच जिताए हैं। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनके अनुभव को देखते हुए टीम प्रबंधन ने उन्हें नेतृत्व समूह में शामिल करने का फैसला लिया है।
इस मौके पर केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि फ्रेंचाइजी रिंकू को उपकप्तान बनाए जाने पर बेहद खुश है। उन्होंने बताया कि रिंकू 2018 से टीम का हिस्सा हैं और लगातार टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
रिंकू की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब टीम नए सीजन के लिए अपनी रणनीति मजबूत कर रही है। उपकप्तान के रूप में उनकी भूमिका न केवल मैदान पर बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी अहम होगी, जहां वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।
केकेआर को उम्मीद है कि रिंकू सिंह का अनुभव और आक्रामक खेल इस सीजन टीम को खिताब की दौड़ में मजबूत बनाएगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal