अभिनेता अक्षय कुमार ने बॉलीवुड में भाषा को लेकर चल रही बहस पर खुलकर अपनी राय रखी है। अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
अक्षय कुमार ने 1990 के दशक को याद करते हुए कहा कि उस समय फिल्म इंडस्ट्री में अंग्रेजी बोलना फैशनेबल माना जाता था। इसके बावजूद उन्होंने हमेशा हिंदी को प्राथमिकता दी और बड़े से बड़े मंच पर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा हिंदी में बोलना पसंद करता हूं। कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों या सम्मेलनों में भी, जहां ज्यादातर लोग अंग्रेजी में बात करते हैं, मैं उनसे विनम्रता से कहता हूं कि वे अंग्रेजी में बोलें, लेकिन मैं हिंदी में ही बोलूंगा। यही मेरी सहजता है।”
अक्षय के मुताबिक, हिंदी उनके लिए केवल भाषा नहीं, बल्कि प्रामाणिकता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि यह किसी धारणा या दिखावे की बात नहीं, बल्कि उनकी अपनी पहचान है।
गौरतलब है कि 90 के दशक में जहां अंग्रेजी को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अक्षय कुमार और गोविंदा जैसे सितारों ने हिंदी को अपनाकर अलग पहचान बनाई।
फिल्म ‘भूत बंगला’ की बात करें तो इसमें तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है और यह 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal