बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी अब जल्द ही टाइगर श्रॉफ के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। खास बात यह है कि सुनील पहले जैकी श्रॉफ के साथ ‘बाज: ए बर्ड इन डेंजर’ और ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं और अब उनके बेटे टाइगर के साथ उनकी जोड़ी बन रही है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक बड़े स्तर की एक्शन-थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें टाइगर मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि फिल्म का शीर्षक अभी तय नहीं किया गया है। निर्माताओं ने सुनील शेट्टी के किरदार को फिलहाल गुप्त रखा है, लेकिन माना जा रहा है कि वह फिल्म में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस फिल्म की शूटिंग 10 अप्रैल से मुंबई में शुरू होने की संभावना है। इसके लिए गोरेगांव और मलाड में भव्य सेट तैयार किए जा रहे हैं। मेकर्स की योजना जुलाई 2026 तक फिल्म की शूटिंग पूरी करने की है। फिल्म का निर्देशन सचिन रवि करेंगे, जिन्होंने 2019 में रिलीज रक्षित शेट्टी की फिल्म ‘अवने श्रीमननारायण’ से पहचान बनाई थी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो टाइगर इन दिनों राज मेहता की फिल्म ‘लग जा गले’ में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ जान्हवी कपूर और लक्ष्य लालवानी नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास राम माधवानी की फिल्म ‘वज्र’ भी है, जिसका हाल ही में ऐलान किया गया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal