प्रधानमंत्री मोदी से मिले लिएंडर पेस, खेल और राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा

नई दिल्ली : भाजपा नेता और पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच खेल, युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, “लिएंडर पेस के साथ शानदार मुलाकात हुई। भारत को टेनिस में उनकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। खेल और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका जुनून सचमुच सराहनीय है।”

 

मोदी ने पेस के खेल जगत में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

 

प्रधानमंत्री के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिएंडर पेस ने भी ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति उनके जुनून से अभिभूत हूं। आपकी टीम का हिस्सा बनकर और आपके मार्गदर्शन में देश की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। जय हिंद, जय भारत।”

 

उल्लेखनीय है कि लिएंडर पेस भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कल ही दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद से वह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट कर रहे हैं।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com