नई दिल्ली : साइप्रस में खेले जा रहे फिडे कैंडिडेट्स 2026 के पांचवें राउंड में जावोखिर सिंदारोव ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हिकारू नाकामुरा को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सिंदारोव 5 राउंड के बाद 4.5 अंकों के साथ एकमात्र बढ़त पर बने हुए हैं।
सिंदरोव ने मुकाबले में सही समय पर सेंटर में ब्रेक और सक्रिय रूख के खेल के जरिए नियंत्रण हासिल किया। उन्होंने 14…Nxb4 चाल से व्हाइट के क्वींसाइड विस्तार को सजा दी, इसके बाद 16वीं चाल में c5 खेलकर दबाव बनाया और धीरे-धीरे अपने मोहरों को बेहतर स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने किंगसाइड पर f6, h6 और g5 जैसी चालों से दबाव बढ़ाया। 41वीं चाल में gxh4 के साथ निर्णायक प्रहार करते हुए उन्होंने मुकाबला अपने नाम किया।
वहीं भारत के आर प्रज्ञानानंद ने लगातार दूसरे मुकाबले में ड्रॉ खेला। उन्होंने आंद्रेई एसिपेंको के खिलाफ थ्रीफोल्ड रिपीटेशन के जरिए अंक बांटे। प्रज्ञानानंद ने संतुलित शुरुआत की, लेकिन दोनों खिलाड़ी कोई भी निर्णायक बढ़त नहीं बना सके और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
चौथे राउंड में हार के बाद भारत की दिव्या देशमुख ने वापसी करते हुए तान झोंगयी के खिलाफ ड्रॉ खेला। मुकाबला शुरुआत से ही संतुलित रहा, जहां दोनों खिलाड़ियों ने जल्दी कास्टलिंग कर अलग-अलग विंग्स पर खेलना शुरू किया। मिडिल गेम में तान ने Ra5, Rfa1, Ra7 और नाइट मूव्स से दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन दिव्या ने Nd6, Nd7 और समय पर किंग को सेंटर में लाकर बेहतरीन बचाव किया। 42वीं चाल के बाद उन्होंने पर्पेचुअल चेक के जरिए ड्रॉ सुनिश्चित किया।
अन्य मुकाबलों में कातेरिना लाग्नो ने बिबिसारा असाउबायेवा को हराया। ओपन वर्ग में फैबियानो कारुआना ने मथियास ब्लूबाउम को मात देकर 3.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि अनिश गिरी और वेई यी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में झू जिनर ने आर वैशाली को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal