विज़िट मलेशिया कार्निवल ने लोगों को मलेशियाई संस्कृति, व्यंजन, पर्यटन और उद्योग से कराया रूबरू

नई दिल्ली : भारत में मलेशियाई उच्चायोग ने शनिवार को चाणक्यपुरी स्थित अपने परिसर में रंगारंग “विज़िट मलेशिया कार्निवल 2026” का आयोजन किया। इसका उद्देश्य न केवल मलेशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन आकर्षणों को प्रदर्शित करना था, बल्कि भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करना था। इस कार्निवल में परिवारों, विद्यार्थियों, यात्रा प्रेमियों, राजनयिक समुदाय तथा भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में संस्कृति, स्वाद, व्यवसायिक सहभागिता और उत्सव का जीवंत माहौल देखने को मिला।

 

इस अवसर पर भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो मुजफर शाह मुस्तफा ने कहा कि

 

विज़िट मलेशिया कार्निवल 2026, मलेशिया और भारत के बीच मजबूत संबंधों को और प्रगाड़ बनाएगा। संस्कृति, व्यंजन और साझा अनुभवों के माध्यम से हमारा उद्देश्य भारत के मित्रों को मलेशिया के और करीब लाना है और उन्हें विज़िट मलेशिया ईयर 2026 के दौरान हमारे देश की विविध विशेषताओं को देखने के लिए आमंत्रित करना है।

 

टूरिज्म मलेशिया के निदेशक अहमद जोहनिफ महोद अली ने कहा,

 

“यह कार्निवल केवल एक सांस्कृतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय यात्रियों के लिए मलेशिया को एक पसंदीदा अवकाश स्थल के रूप में दिखाने का आमंत्रण है। हम अधिक भारतीय पर्यटकों का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं, ताकि वे मलेशिया की प्राकृतिक सुंदरता, द्वीपों, शॉपिंग, व्यंजनों और बहुसांस्कृतिक सामंजस्य का अनुभव कर सकें।”

 

कार्निवल में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रामाणिक मलेशियाई व्यंजनों के लाइव कुकिंग डेमो, शिक्षा, पर्यटन और व्यापार से जुड़े स्टॉल, मनोरंजक गतिविधियाँ तथा सभी आयु वर्ग के आगंतुकों के लिए रोमांचक रैफल ड्रॉ का आयोजन किया गया। आगंतुकों ने मलेशियाई व्यंजनों और उष्णकटिबंधीय फलों का आनंद लिया, जिसने नई दिल्ली में मलेशिया का वास्तविक स्वाद प्रस्तुत किया।

 

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रणनीतिक औद्योगिक साझेदारों की मजबूत भागीदारी रही, जिसने कार्निवल को एक विशिष्ट व्यावसायिक आयाम प्रदान किया।

 

प्लेटिनम पार्टनर्स के रूप में एसएमएच रेल इंडिया प्रा.लि., पेटरा ग्रुप , जेनतारी इंडिया तथा अलानसन प्रा.लि. शामिल रहे। ये संस्थाएं रेलवे परियोजनाओं, इंजीनियरिंग समाधान, सतत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, हरित गतिशीलता, डिकार्बोनाइजेशन और कृषि व्यापार जैसे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती हैं। वहीं, उपभोक्ता और आतिथ्य क्षेत्र में के हॉस्पिटैलिटी कोर्प और ट्रैवल फू़ड सर्विस की भागीदारी ने यात्रा और जीवनशैली के बढ़ते समन्वय को दर्शाया।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com