अशोक नगर : केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर में आयोजित विशाल हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने हजारों हितग्राहियों से संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन जनविश्वास और सहभागिता का प्रतीक बन गया। इस दौरान उन्होंने तीन करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
आवास, आजीविका और सम्मान का सशक्त आधार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद पंचायत अशोकनगर अंतर्गत 7,317 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 4,139 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष आवास निर्माणाधीन हैं। साथ ही मार्च 2026 में 5,534 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1,733 हितग्राहियों को प्रथम किस्त जारी कर दी गई है। इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत 8 स्व-सहायता समूहों को ₹27 लाख की सीसीएल राशि वितरित की गई, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा मिलेगी।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण और जनसेवा की प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि अशोकनगर जिले में 1,456 दिव्यांगजनों को 5,172 सहायक उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में यह संख्या 8,640 लाभार्थियों तक पहुंच चुकी है, जिन्हें लगभग ₹7 करोड़ मूल्य के उपकरण वितरित किए गए हैं। यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
”स्वास्थ्य सेवा में शिवपुरी ने रचा इतिहास”
‘श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन’ के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि इस अभियान में 2.82 लाख से अधिक ओपीडी परामर्श और 3,600 से अधिक निःशुल्क सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। आधुनिक तकनीक, विशेषकर रोबोटिक सर्जरी के उपयोग के साथ यह शिविर एक ऐतिहासिक उपलब्धि बना और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करती है।
अशोकनगर को मिली विकास कार्यों की नई गति
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस अवसर पर लगभग ₹70 लाख की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से 19 कार्यों का लोकार्पण किया गया। ये कार्य क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। संबोधन के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया और अशोकनगर को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का संकल्प दोहराया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश और स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए सिंधिया
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को ईसागढ़ के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल प्रांगण में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश एवं स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी के लिए आवास सुनिश्चित करने हेतु ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पक्के घर प्रदान किए जा रहे हैं। जिससे लोगों के पक्के मकान का सपना पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा आगामी पांच वर्ष में 05 करोड़ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना(शहरी) अंतर्गत नगर परिषद ईसागढ़ के 94 नवीन हितग्राहियों को पीएम आवास के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत हितग्राही कमलेश को आवास की चाबी सौपकर गृह प्रवेश कराया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal