मप्र के अनूपपुर जिले में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

भोपाल : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर में बस स्टैंड के पास शनिवार शाम को तीन मंजिला बिल्डिंग ढहने से हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन को 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और हादसे के निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने काल-कवलित लोगों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख, संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख और रेडक्रॉस से 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपये राशि दी जाएगी। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा को शांति और परिजन को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिजन के साथ है। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

 

गौरतलब है कि अनूपपुर जिले के कोतमा बस स्टैंड के पास शनिवार शाम करीब 5.30 बजे अग्रवाल लॉज का तीन मंजिला भवन भरभराकर ढह गया था। सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू शुरू किया। शनिवार शाम से प्रारंभ हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार दोपहर तक जारी रहा। रेस्क्यू कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन तथा एसईसीएल की टीमों ने आधुनिक मशीनों एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे के एक-एक हिस्से की गहन तलाशी ली। रेस्क्यू टीम ने मलबे से तीन व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जबकि तीन अन्य व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। मृतकों में दो की पहचान हनुमान दीन यादव (55) और रामकृपाल यादव (40) स्थानीय निवासी के रूप में हुई है। वहीं, रविवार सुबह एक महिला का शव मिला है। अभी मृतक महिला की पहचान नहीं हुआ है।

 

हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी न रहे और प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल पूरी रात घटनास्थल पर उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व करते रहे।

 

प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि इस दुखद घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। घायलों में से गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में जारी है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसईसीएल की टीमों, पुलिस बल एवं सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि करीब 20 घंटे रेस्क्यू चला, जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल समेत 100 से ज्यादा लोग मलबा हटाने में जुटे रहे। वहीं सर्चिंग के लिए भिलाई और बनारस से भी टीमें बुलाई गई थीं। उन्होंने बताया कि कोतमा थाने में भूमि स्वामी राजीव गर्ग और लॉज मलिक लल्लू लाल अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 290, 106 के तहत केस दर्ज किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com