इंदिरा गांधी ने कहा था असम ‘शांति का द्वीप’: मल्लिकार्जुन खड़गे

कछार (असम) : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को सिलचर के बरखोला में आयोजित एक विशाल चुनावी जनसभा में पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत पाल के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कभी असम को “शांति का द्वीप” बताया था।

 

जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वर्तमान समय में असम की परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से बराक घाटी की अनदेखी की जा रही है और क्षेत्र विकास के मामले में पीछे छूट गया है।

 

उन्होंने कहा कि सिलचर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है, वहीं तारापुर एलिवेटेड कॉरिडोर का काम भी ठप हो गया है। इन परियोजनाओं के अधूरे रहने से छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

खड़गे ने आसपास के क्षेत्रों में हर वर्ष आने वाली बाढ़ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण लोगों के घर बह जाते हैं और फसलें नष्ट हो जाती हैं, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है।

 

अपने संबोधन के अंत में मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाताओं से सिलचर में कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत पाल को विजयी बनाने की अपील की और क्षेत्र में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com