कर्नाटक में कई अधिकारियों के ठिकानाें पर लोकायुक्त का छापा

बेंगलुरु : कर्नाटक राज्य के विभिन्न जिलों में भ्रष्टाचार के आरोपों काे लेकर कर्नाटक लोकायुक्त अधिकारियों ने मंगलवार सुबह कई सरकारी अधिकारियों के यहां एक साथ छापा मारा।

 

लाेकायुक्त टीम ने आज सुबह चित्रदुर्ग जिले के निर्माण केंद्र में कार्यरत असिस्टेंट अकाउंटेंट सुशीलम्मा के मेदेहल्ली रोड स्थित निवास और हिरियूर के यारदकट्टे स्थित फार्महाउस में ठिकानाें पर छापा मारा। एसपी वासुदेव राम और डीवाईएसपी मृत्युंजय के नेतृत्व में सुशीलम्मा के ठिकानाें पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

 

लाेकायुक्त की एक टीम ने बल्लारी शहर में मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक शिवन्ना के घर और उनके कार्यालय सहित चार स्थानों पर छापा मारा। उनके सिद्धार्थ नगर स्थित आवास में लाेकायुक्त के अधिकारी बैंक दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

 

इसके अलावा शिवमोग्गा जिले में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जिला अधिकारी शोभा के कार्यालय और उनके आवास पर भी छापा मारा गया। शिकारीपुर के पास तरलघट्टा, सागर तालुक के आनंदपुर क्षेत्र सहित कई स्थानों पर एक साथ जांच की गई।

 

बेलगावी जिले में शहरी विकास प्रकोष्ठ के एईई अजय सिंह राजपूत के अंजनेय नगर, अथानी और हुक्केरी सहित तीन स्थानों ठिकानाें पर भी छापे डाले गए है। इसी तरह मांड्या जिले में लोक निर्माण विभाग के एईई रेवन्ना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोप में कार्रवाई की गई। मैसूर स्थित कार्यालय और मांड्या के निवास पर दस्तावेजों की जांच चल रही है।

 

इन सभी कार्रवाई काे लेकर काेई आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com