बेंगलुरु : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने टीम की शुरुआती दोनों जीत में अहम भूमिका निभाई है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 29 गेंदों में 50 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 26 गेंदों में 61 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपने बेहतरीन फॉर्म का परिचय दिया है।
पडिक्कल का यह प्रदर्शन केवल रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके खेल में आए बदलाव और मानसिक मजबूती को भी दर्शाता है। आईपीएल में अपने शुरुआती दौर में तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज के रूप में पहचान बनाने वाले पडिक्कल ने समय के साथ अपने खेल में बदलाव किया है।
अपने कठिन दौर को याद करते हुए पडिक्कल ने कहा, “जब चीजें मेरे अनुसार नहीं हुईं तो मेरे पास कोई जवाब नहीं था, लेकिन उसी दौर ने मुझे बेहतर बनने की प्रेरणा दी। कई बार असफलताएं ही आपको याद दिलाती हैं कि आपको और कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।”
पडिक्कल की 2025 में आरसीबी में वापसी उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। टीम के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने बताया कि पडिक्कल टीम के लिए खेलने को लेकर बेहद उत्साहित थे।
कार्तिक ने कहा, “पहली बातचीत में ही उन्होंने कहा था कि वह आरसीबी के अलावा किसी और टीम के लिए खेलने की कल्पना भी नहीं कर सकते। वह शुरू से ही टीम के लिए कुछ खास करने के मिशन के साथ आए थे।”
आरसीबी में दोबारा मौका मिलने के बाद पडिक्कल ने अपने खेल में बदलाव करने का फैसला किया। खासकर टी20 क्रिकेट में तेजी से रन बनाने की क्षमता पर उन्होंने काफी काम किया।
पडिक्कल ने कहा, “मैंने तय किया कि मुझे अपने खेल में बदलाव करना होगा और परिणाम की चिंता किए बिना उस पर काम करना होगा। यह आसान नहीं था, क्योंकि मैं एक खास तरीके से खेलते हुए बड़ा हुआ हूं, लेकिन मुझे अपने कंफर्ट जोन से बाहर आना जरूरी लगा।”
उन्होंने 2025 सीजन में 10 मैचों में 150 के स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाए थे। आईपीएल 2026 में पडिक्कल का यह विकास अब प्रदर्शन में साफ नजर आ रहा है। जहां सीएसके के खिलाफ उनकी पारी में संतुलित आक्रामकता दिखी, वहीं एसआरएच के खिलाफ उन्होंने और तेज अंदाज में बल्लेबाजी की।
पडिक्कल ने कहा, “2020-21 में मैं एक युवा खिलाड़ी के तौर पर थोड़ा घबराया रहता था, लेकिन अब मैंने आईपीएल के दबाव को संभालना सीख लिया है। अब मैं ज्यादा शांत और आत्मविश्वासी महसूस करता हूं और अपने खेल का आनंद ले रहा हूं।”
उनकी प्रगति पर दिनेश कार्तिक ने कहा, “2025 में आरसीबी में आने वाले पडिक्कल पहले से बिल्कुल अलग खिलाड़ी थे। उन्होंने अपने खेल को जिस तरह ढाला है, वह शानदार है। अगर वह इसी फॉर्म में बने रहते हैं, तो भारतीय टीम उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकती।”
आईपीएल 2026 के शुरुआती दो मैचों के बाद पडिक्कल न सिर्फ रन बना रहे हैं, बल्कि आधुनिक टी20 बल्लेबाजी के नए मानक भी स्थापित कर रहे हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal