भारत ने जताई उम्मीद, यूक्रेन में भी शांति प्रयासों को देगा बढ़ावा पश्चिम एशिया में युद्धविराम

नई दिल्ली : भारत ने ईरान-अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में दोनों पक्षों के युद्ध विराम की घोषणा करने का स्वागत किया है। भारत ने कहा है कि दुनिया इसकी बहुत कीमत चुका चुकी है और उम्मीद है कि अब यह आगे स्थाई शांति की ओर बढ़ेगा। इसके साथ ही भारत ने यह भी उम्मीद जताई है कि पश्चिम एशिया में हुए घटनाक्रम से यूक्रेन में भी शांति प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा।

 

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के बाद प्रवक्ता ने अंतर-मंत्रालयीय दैनिक पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत हमेशा से शांति के पक्ष में रहा है। हम उन सभी कदमों का स्वागत करते हैं जो शांति और स्थिरता की ओर ले जाते हैं। हमें उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में हुआ यह घटनाक्रम यूक्रेन में भी शांति प्रयासों को बढ़ावा देगा।

 

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। जैसा कि हमने पहले भी कई बार कहा है, मौजूदा संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए तनाव कम करना, संवाद और कूटनीति अत्यंत आवश्यक है।

 

बयान में कहा गया है कि इस संघर्ष ने पहले ही लोगों को भारी पीड़ा पहुंचाई है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति एवं व्यापार नेटवर्क को बाधित किया है। हम आशा करते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार का प्रवाह जारी रहेगा।

 

उल्लेखनीय है कि अमेरिका आखिरकार संघर्ष विराम पर सहमत हो गया। इस पर इजराइल ने भी हामी भर दी है। दोनों ने मध्यस्थ देशों का मान रख लिया और अब ईरान के साथ आमने-सामने की बातचीत की तैयारी की जा रही है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले से पश्चिम एशिया का सैन्य संघर्ष शुरू हुआ था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com