उत्तर बंगाल की जनसभा में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का तृणमूल सरकार पर निशाना, परिवर्तन का किया आह्वान

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर सुंदरबन के द्वीपों तक तथा उत्तर बंगाल के चाय बागानों से लेकर कोलकाता की गलियों तक राज्य में बदलाव की मांग उठ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार के शासन में भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और अपराध बढ़े हैं।

 

भाजपा अध्यक्ष ने अपने भाषण में तृणमूल कांग्रेस पर कट मनी, घोटालों और कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गया है और कई चर्चित घटनाओं ने राज्य की छवि को प्रभावित किया है।

 

नितिन नवीन ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण श्रमिकों और युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के कई इलाकों में श्रमिकों को प्रतिदिन 150 से 200 रुपये तक की मजदूरी पर काम करना पड़ता है, जबकि अन्य राज्यों में इससे अधिक भुगतान होता है।

 

उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाएगा, खाली सरकारी पदों को भरा जाएगा तथा भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती विवाद से प्रभावित युवाओं को आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने पर विचार किया जाएगा।

 

भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि चाय बागान क्षेत्रों के विकास, श्रमिकों के कल्याण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी राज्य के लोगों तक पूरी तरह पहुंचाया जाएगा।

 

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने उत्तर बंगाल के मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार को समर्थन देने और राज्य में भाजपा सरकार बनाने की अपील की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com