महिला आरक्षण से जुड़े विषय पर देशव्यापी अभियान चलाएगी भाजपा

नई दिल्ली : नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) से जुड़े विषयों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। इस संबंध में शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय विस्तार भवन में कई बैठकें की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक उच्च स्तरीय संगठनात्मक बैठक की, जिसमें महिला आरक्षण से संबंधित राष्ट्रव्यापी अभियानों की रूप-रेखा और आगामी सांगठनिक रणनीतियों पर गहन चर्चा की गई। इसमें भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, देशभर के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में भाजपा के कार्यक्रमों के आयोजन की रूप-रेखा तैयार करने के लिए नेताओं को निर्देश भी दिए गए ताकि अधिनियम के बारे में सभी लोगों को जानकारी मिले।

 

सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने अपने राष्ट्रीय एवं प्रदेश प्रवक्ताओं को भी ट्रेनिंग दी है, जो अपने-अपने राज्यों में महिला आरक्षण के बारे में कार्यक्रम आयोजित करने के साथ कार्यशालाओं का आयोजन करेंगे तथा पार्टी के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाएगे। भाजपा ने इसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया देखने वाले नेताओं को भी दी जो फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम जैसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर महिला आरक्षण के विषय के सभी पहलुओं को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाएगे। उल्लेखनीय है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक 2023) एक ऐतिहासिक कानून है, जो लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत (एक-तिहाई) सीटें आरक्षित करता है। इस कानून का उद्देश्य निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

 

इसके अलावा शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय विस्तार भवन में पार्टी के अन्य चल रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई, जिसमें दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण की समीक्षा शामिल है। दरअसल यह प्रशिक्षण मंडल स्तर पर खत्म हो चुका है जिसे अब जिला स्तर पर शुरू किया जाना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com