प्रधानमंत्री 14 काे पहुंचेंगे देहरादून, बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का करेंगे लोकार्पण

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यानी 14 अप्रैल को देहरादून पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करने के साथ ही वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी करेंगे।

 

प्रेस सूचना ब्यूरो ने साेमवार काे प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जारी किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह करीब 11ः15 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करीब 11ः40 बजे देहरादून पहुंचेंगे। डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दोपहर करीब 12ः30 बजे बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और उसके बाद जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

 

छह-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर 213 किलोमीटर लंबा है और करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है और इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय 6 घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।

 

परियोजना के तहत दस इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी), चार बड़े पुल और बारह वे-साइड सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही इसमें एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे यात्रा और अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी।

 

पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर में विशेष वाइल्ड लाइफ सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं। इनमें 12 किलोमीटर लंबा वाइल्ड लाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा 8 एनिमल पास, 200-200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और डाट काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही सुगम बनी रहे। यह कॉरिडोर क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने के साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगा। साथ ही यह परियोजना आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ पर्यावरण संरक्षण के संतुलन का एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने किया कार्यक्रम स्थल का दौरा

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वाेपरि रहे और इसके लिए सभी इंतजाम निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

 

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर बल देते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को तत्पर रखने की आवश्यकता भी जताई। उन्हाेंने जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा।

 

निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com