स्टोक्स ने मैक्कुलम के साथ मतभेद की खबरों को किया खारिज, बोले- 95 प्रतिशत मामलों में सहमति

लंदन : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने मुख्य कोच ब्रेंडन मैक्कुलम के साथ मतभेद की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों के बीच तालमेल को लेकर जो बातें कही जा रही हैं, वह बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे 95 प्रतिशत मामलों में एकमत रहते हैं।

 

स्टोक्स ने माना कि ऑस्ट्रेलिया में खेले गए एशेज दौरे के दौरान उनके और मैक्कुलम के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद थे, लेकिन इसे उन्होंने सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उस समय स्टोक्स जहां थोड़ा संतुलित और रक्षात्मक खेल के पक्ष में थे, वहीं मैक्कुलम आक्रामक रणनीति जारी रखना चाहते थे।

 

इंग्लैंड को उस एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि दोनों ने इस मुश्किल दौर में एक-दूसरे का समर्थन किया।

 

स्टोक्स ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को दिए इंटरव्यू में कहा, “यह कहना कि हम एकमत नहीं हैं, बहुत बड़ी बात बना दी गई है। नेतृत्व में हर मुद्दे पर सहमति होना संभव नहीं होता। टीम के हित में चर्चा और बहस जरूरी होती है, जिससे सही निर्णय लिया जा सके।”

 

उन्होंने कहा कि उनके और मैक्कुलम के विचार कई मामलों में अलग हो सकते हैं, लेकिन आपसी बातचीत से वे हमेशा एक निष्कर्ष पर पहुंचते हैं।

 

स्टोक्स फिलहाल चोट से उबर रहे हैं। प्री-सीजन अभ्यास के दौरान उनके गाल की हड्डी टूट गई थी, जिसके चलते वे काउंटी क्रिकेट से दूर रहे। उम्मीद है कि वह मई में मैदान पर वापसी करेंगे, जब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी होगी।

 

इस साल इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ भी सीरीज खेलनी है, जबकि 2027 में ऑस्ट्रेलिया टीम इंग्लैंड दौरे पर आएगी।

 

स्टोक्स ने कहा कि एशेज समीक्षा के बाद टीम की रणनीति में कुछ बदलाव किए जाएंगे, लेकिन उनका और मैक्कुलम का मुख्य लक्ष्य टीम को बेहतर बनाना और जीत दिलाना ही रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com