प्रधानमंत्री मोदी ने त्योहारों के मौके पर किसानों का जताया आभार

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में मनाए जा रहे विभिन्न त्योहारों के अवसर पर किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्साह और उल्लास से भरे इन पर्वों के बीच देश उन मेहनती किसान भाइयों-बहनों का कृतज्ञ है, जो पूरे राष्ट्र का भरण-पोषण करते हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए किसानों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने लिखा, “इत्थं फलति शुद्धेन सिक्तं सङ्कल्पवारिणा। पुण्यबीजमपि स्वल्पं पुंसां कृषिकृतामिव॥”

 

प्रधानमंत्री ने इस सुभाषित का अर्थ समझाते हुए कहा कि जैसे किसान द्वारा बोया गया छोटा सा बीज, यदि सही समय पर सिंचाई मिले तो भरपूर फसल देता है, उसी प्रकार शुद्ध संकल्प और प्रयास से छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता में बदल सकती है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में दोहराया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मनाए जा रहे त्योहारों के इस समय में किसानों की मेहनत को याद करना और उनका सम्मान करना अत्यंत आवश्यक है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com