हुमायूं कबीर को ‘मोहरा’ बनाकर ममता ने रची थी बाबरी मस्जिद निर्माण की साजिश : अमित शाह

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर को “मोहरा” बनाकर राज्य में बाबरी जैसी मस्जिद निर्माण की साजिश रची जा रही है।

 

अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी ने हुमायूं कबीर को पार्टी से अलग कर एक राजनीतिक रणनीति के तहत आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में “बाबरी मस्जिद जैसा ढांचा” बनाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में उनका पूरा ध्यान केवल अपने भतीजे को आगे बढ़ाने पर रहा है। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों में उन पर निशाना साधा।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देश का हर नागरिक परिवार के सदस्य जैसा है, जबकि ममता बनर्जी केवल अपने परिजनों को आगे बढ़ाने में लगी हैं। अमित शाह ने दावा किया कि बिहार और ओडिशा के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की बारी है।

 

इससे पहले जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में एक अन्य रैली में अमित शाह ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि असम की तर्ज पर पश्चिम बंगाल में भी अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में पनप रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार भाजपा को वोट देने पर राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत की जाएगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाएगी।—————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com