सीमांत गांवों और सेना के बीच गहरा संबंध: सीडीएस अनिल चौहान

उत्तरकाशी : चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि सीमांत गांवों के लोग और सेना एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र के विकास में स्थानीय समुदायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेना की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

 

भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में गुरुवार को सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र की आधारशिला रखने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सेना सीमांत क्षेत्रों के विकास में सक्रिय सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों के ग्रामीण न केवल कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करते हैं, बल्कि सुरक्षा बलों को भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं। ऐसे में सेना का दायित्व बनता है कि वह स्थानीय विकास में भागीदारी सुनिश्चित करे।

 

सीडीएस ने कहा कि प्रस्तावित हर्षिल सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, गढ़वाल के गौरवशाली इतिहास के प्रदर्शन तथा पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और देश-विदेश के पर्यटक क्षेत्र की संस्कृति और जीवनशैली से परिचित हो सकेंगे।

 

अपने दौरे के दौरान जनरल चौहान ने बगोरी गांव का भी भ्रमण किया और स्थानीय निवासियों से संवाद कर सीमांत गांवों की जीवंतता बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने मुखवा गांव में गंगा जी के शीतकालीन प्रवास स्थल पर दर्शन कर आशीर्वाद लिया व ग्रामीणों से बातचीत की।

 

इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सैनिकों से भी मुलाकात की और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं विषम मौसम के बावजूद उनकी पेशेवर दक्षता, समर्पण और उच्च परिचालन तत्परता की प्रशंसा की।

 

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी. बलूनी, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा एवं शालिनी नेगी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, ग्राम प्रधान हर्षिल सुचिता रौतेला, पूर्व प्रधान भगवान सिंह राणा, नंदन सिंह रावत, शशीबाल बुटोला, पूर्व प्रधान दिनेश रावत, जगदम्बा, जयवीर नेगी, जयशीला बुटोला तथा पूर्व सैनिक संगठन ‘वंदेमातरम’ के राजेश सेमवाल सहित स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com