‘द एकेडमी’ के सोशल मीडिया पर छाया शाहरुख खान का डायलॉग

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। दुनिया के प्रतिष्ठित फिल्म सम्मान ‘द एकेडमी’ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शाहरुख खान को खास सम्मान देते हुए उनकी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ का एक यादगार दृश्य शेयर किया है। इस पोस्ट के सामने आते ही शाहरुख के प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

 

एकेडमी ने जिस वीडियो को शेयर किया, उसमें फिल्म का मशहूर संवाद “अगर किसी चीज को शिद्दत से चाहो…” वाला दृश्य शामिल है, जिसे आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय संवादों में गिना जाता है। पोस्ट के कैप्शन में एकेडमी ने लिखा, “किस्मत के बारे में एक बात तय है… यह कभी चूकती नहीं।” इस सम्मान को फैंस शाहरुख खान की वैश्विक लोकप्रियता की नई पहचान के रूप में देख रहे हैं।

 

साल 2007 में रिलीज हुई ‘ओम शांति ओम’ का निर्देशन फराह खान ने किया था। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में अर्जुन रामपाल, किरण खेर और श्रेयस तलपड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और आज भी इसे शाहरुख के करियर की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।

 

सोशल मीडिया पर एकेडमी की इस पोस्ट के बाद फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का पल बताया है। प्रशंसकों का कहना है कि शाहरुख खान सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विश्व सिनेमा के भी सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं, और यह सम्मान उसी का प्रमाण है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com