नई दिल्ली : भारत से हज यात्रा पर जाने का सिलसिला आज से शुरू हो गया है। दिल्ली से शनिवार सुबह कुल 371 हज यात्रियों को विदाई दी गई जबकि श्रीनगर से आज 431 हज यात्रियों को तीन उड़ानों से मदीना रवाना किया गया।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 से सऊदी एयरलाइन की उड़ान द्वारा भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डा. श्रीवत्स कृष्णा और दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने फूल मालाओं से स्वागत करके सऊदी अरबिया के पवित्र शहर मदीना के लिए प्रातः 09.45 बजे रवाना किया।
इस अवसर पर पहली हज उड़ान के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर एक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने समारोह में उपस्थित भारत में सऊदी सरकार के उप मिशन प्रमुख अहमद मुशब्बब अल अहमरी, अल्पसंख्यक मंत्रालय के संयुक्त सचिव राम सिंह एवं दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर सचिव अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पवित्र हज यात्रा पर जाने वाले सभी सम्माननीय हज यात्री भारत के एम्बेसडर और प्रतिनिधि हैं और सऊदी अरबिया के पवित्र शहर मक्का और मदीना में अपने निवास के दौरान भारतीय सांस्कृतिक दूत के तौर पर अपनी पहचान सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर कौसर जहां ने उपस्थित अतिथियों और सभी हज यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार एवं हज कमेटी हाजियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करने के लिए वचनबद्ध है।
हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने बताया कि इस बार उत्तर भारत के सबसे बड़े हज एम्बारकेशन प्वाइंट दिल्ली से पवित्र हज यात्रा के लिए आज रवाना होने वाली उड़ान से जाने वाले कुल 371 हज यात्रियों में महिला हज यात्रियों की संख्या 177 जबकि पुरुष हज यात्रियों की संख्या 194 थी।
आज दूसरी हज उड़ान से शाम 16:45 बजे कुल 410 हज यात्री रवाना हुए। आगामी 20 मई तक सऊदी एयरलाइन की 54 उड़ानें के माध्यम से दिल्ली स्टेट सहित उतर भारत के विभिन्न राज्यों के 21,100 से अधिक हज यात्री पवित्र हज यात्रा के लिए मदीना मुनव्वरा और जेद्दा के रास्ते मक्का मुकर्रमा रवाना होंगे। इस वर्ष ’’दिल्ली एम्बारकेशन हज यात्रा के लिए पहले चरण में कुल 31 उड़ानों के माध्यम से 12240 हज यात्री मदीना-मुनव्वरा के लिए रवाना होंगे, जबकि दूसरे चरण में कुल 23 उड़ानों से 8860 हज यात्री मक्का-मुकर्रमा के लिए प्रस्थान करेंगे।
दिल्ली राज्य के हज यात्रियों की संख्या 3196 है।
इस वर्ष पहली बार शुरू किए जा रहे अल्प-अवधि हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए 19 और 20 मई-2026 को रवाना होने वाली कुल 5 उड़ानों से लगभग 2000 यात्री 20 दिवसीय अल्प-अवधि हज के लिए प्रस्थान करेंगे। इस नई व्यवस्था से हज यात्रा पर जाने वाले ऐसे यात्रियों को सुविधा हुई है जो व्यस्त जीवन शैली, सरकारी नौकरी आदि के कारण 40 से 45 दिन की हज यात्रा की अवधी में दिक्कत का सामना करते थे और अधिक समय के अभाव के कारण हज जैसी अनिवार्य पवित्र यात्रा अपनी इच्छा अनुसार जल्द से जल्द पूरा नहीं कर पाते थे।
उधर, कश्मीर से भी हज यात्रियों की रवानगी का सिलसिला आज से शुरू हुआ। जम्मू-कश्मीर हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी डॉ. शुजात अहमद कुरैशी ने बताया कि हज यात्रा पर रवानगी के पहले दिन कुल 431 तीर्थयात्रियों को लेकर तीन उड़ानें श्रीनगर से रवाना हुईं। इनमें 230 पुरुष और 201 महिलाएं शामिल हैं। पहली उड़ान में 79 पुरुष और 66 महिलाएं, दूसरी उड़ान में 78 पुरुष और 65 महिलाएं और तीसरी उड़ान में 73 पुरुष और 70 महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि सुचारू और व्यवस्थित प्रस्थान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए परिवहन, सामान प्रबंधन, मेडिकल स्क्रीनिंग और दस्तावेज़ीकरण की व्यवस्था पहले से ही की गई थी।
उन्होंने कहा कि हमने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal