आईपीएल 2026 : अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक, हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रन से हराया

हैदराबाद : हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में मंगलवार को तूफान आया और ये तूफान निकला अभिषेक शर्मा के बल्ले से, जिन्होंने धमाकेदार पारी खेल सनराइजर्स हैदराबाद को जीत दिला दी। आईपीएल 2026 के 31वें मैच में हैदराबाद की टीम ने एकतरफा अंदाज में दिल्ली को 47 रनों से मात दी।

 

हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 242 रन बनाए, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 195 रन ही बना सकी। हैदराबाद की जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए। अभिषेक के अलावा ट्रेविस हेड ने 37, ईशान किशन ने 25 रनों की पारी खेली. हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए।

 

हैदराबाद में टॉस तो दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने जीता लेकिन बाजी सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने मारी। हैदराबाद को ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दी। खासतौर पर अभिषेक शर्मा पावरप्ले में दिल्ली के गेंदबाजों पर टूट पड़े। पावरप्ले में हैदराबाद ने 67 रन बनाए और इस टीम के पचास रन महज 28 गेंदों में पूरे हुए। अभिषेक शर्मा को अपना अर्धशतक पूरा करने में सिर्फ 25 गेंदें लगीं। इसके बाद ट्रेविस हेड का विकेट जरूर गिरा लेकिन अभिषेक नहीं रुके. उन्होंने कप्तान इशान किशन के साथ मिलकर 35 गेंदों में 79 रन जोड़े।

 

अभिषेक ने दिल्ली के स्पिनर्स को रडार पर लिया। उन्होंने नीतीश राणा के खिलाफ पांच छक्के लगाए, साथ ही उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर भी दो छक्के मारे। अभिषेक ने अपनी पारी में 10 छक्के और 10 चौके लगाए और वो आखिरी ओवर की आखिरी गेंद तक आउट नहीं हुए। इस बीच क्लासेन ने भी ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 3 छक्के, 3 चौकों की मदद से 37 रन कूट दिए.।

 

दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पाथुम निसंका 8 रन बनाकर आउट हो गए।. लेकिन इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने अच्छी साझेदारी की। नीतीश राणा ने 30 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने भी 23 गेंदों में 37 रन बनाए लेकिन इन खिलाड़ियों की बल्लेबाजी दिल्ली को जीत नहीं दिला सकी। हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने 4, हर्ष दुबे ने 3 विकेट झटके। जबकि साकिब हुसैन और मधुशंका को 1-1 कामयाबी मिली।

 

हैदराबाद की जीत और दिल्ली की हार के साथ ही अंक तालिका में बड़ा बदलाव हो गया। हैदराबाद अब 7 मैचों में 4 जीत के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हो गई है, वहीं राजस्थान रॉयल्स चौथे नंबर पर लुढ़क गई है। पंजाब पहले और आरसीबी दूसरे स्थान पर है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com