बंगाल चुनाव: योगी आदित्यनाथ ने ममता सरकार पर साधा निशाना

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के प्रचार अभियान के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। जोरासांको और बड़ा बाजार क्षेत्र में आयोजित सभाओं में उन्होंने कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, उद्योग, सांस्कृतिक पहचान और गौ संरक्षण जैसे मुद्दों को उठाते हुए राज्य में बदलाव का आह्वान किया।

 

जोरासांको के सत्यनारायण पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि लोग अब बंगाल की संस्कृति और विरासत को बचाने के लिए परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह भूमि स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणास्थली रही है और आज भी जनशक्ति को दिशा देती है।

 

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में बेरोजगारी बढ़ी है, कई उद्योग बंद हुए हैं और किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं और जनता अब बेहतर शासन की अपेक्षा कर रही है।

 

उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद वहां कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और अपराध व माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे शांति और व्यवस्था स्थापित हुई है।

 

सांस्कृतिक मुद्दों पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की पहचान का उल्लेख किया और मां काली व स्थानीय परंपराओं की रक्षा को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत को बचाना सभी की जिम्मेदारी है।

 

सभा के दौरान उन्होंने गौ संरक्षण का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि बंगाल में गौ हत्या हो रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा, “ना गौ माता को कटने देंगे, ना हिंदुओं को बंटने देंगे।”

 

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नारे पर भी निशाना साधते हुए कहा, “वे कहती हैं ‘खेला होबे’, लेकिन हम कहने आए हैं ‘एबार खेला शेष, उन्नयन शुरू’।”

 

बड़ा बाजार के सत्यनारायण पार्क में उत्तर कोलकाता की विभिन्न विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में योगी ने दावा किया कि पहले चरण में भाजपा 80 प्रतिशत सीटें जीत रही है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “उपद्रव नहीं, उत्सव” का माहौल है और माफिया राज समाप्त हो चुका है। यदि कोई अपराधी सिर उठाता है, तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।

 

अंत में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की शक्ति से ही वास्तविक बदलाव संभव है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कर परिवर्तन लाने और पश्चिम बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होने की अपील की।—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com