तमिलनाडुः मतदाताओं का स्वागत करने वाले ‘रोबोट’ ने खींचा लोगों का ध्यान

वेल्लोर : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंच कर अपनी बारी का इंतजार करते देखे जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में, वेल्लोर ज़िले के गुडियात्तम में बनाए गए एक मतदान केंद्र ने खास ध्यान आकर्षित किया है। यहां मतदाताओं के स्वागत के लिए दावणी (पारंपरिक पोशाक) पहने एक ‘महिला रोबोट’ को लगाया गया है, जो हाथ में गुलाब के फूल लेकर तमिल भाषा में मधुर स्वर में मतदाताओं का स्वागत कर रही है। इस ‘पिंक बूथ’ (महिला कर्मियों द्वारा संचालित मतदान केंद्र) में की गई इस अनोखी पहल को देखने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। कई लोगों ने रोबोट के साथ तस्वीरें खिंचवाई।

 

इसी तरह वेल्लोर के एक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर भी मतदाताओं के स्वागत के लिए रोबोट की व्यवस्था की गई है।

 

इसके अलावा, कोयंबटूर में भी चुनाव आयोग ने मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विशेष पहल की है। कोयंबटूर के गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज में बनाए गए एक मॉडल मतदान केंद्र पर ‘टीना’ (Tina) नाम की एक रोबोट को तैनात किया गया है। यह रोबोट मतदाताओं को चॉकलेट और फूल देकर स्वागत करती है और स्पीकर के माध्यम से मतदान के लिए लाए जाने वाले जरूरी दस्तावेज, मतदान केंद्र पर उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और मतदान के महत्व के बारे में जानकारी देती है।

 

चुनाव आयोग की इस पहल को लोगों के बीच अच्छा प्रभाव देखने को मिला है और इससे मतदान के प्रति उत्साह और बढ़ा है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के नवाचारों का उद्देश्य चुनाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com