उत्तर 24 परगना : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर 24 परगना के हाबरा और अशोकनगर में मेट्रो चलाने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को हाबरा में एक जनसभा के दौरान इन दोनों शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने का वादा किया।
हाबरा के बाणीपुर चौमाथा के पास आयोजित सभा में अमित शाह ने भाजपा उम्मीदवार देवदास मंडल और अशोकनगर के उम्मीदवार सुमय हीरा के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि मेट्रो शुरू होने से इलाके की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। दरअसल, हाबरा और अशोकनगर दोनों ही महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खासकर हाबरा में बड़े चावल बाजार और सूती वस्त्र के हाट होने के कारण भारी भीड़ रहती है, जिससे लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। हालांकि, इस घोषणा के बाद इलाके में चर्चा भी तेज हो गई है। कुछ लोग इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे चुनावी वादा बता रहे हैं। उनका कहना है कि पहले से प्रस्तावित बारासात और बैरकपुर तक मेट्रो विस्तार का काम ही अभी तक शुरू नहीं हो पाया है, ऐसे में हाबरा तक मेट्रो पहुंचना फिलहाल मुश्किल नजर आता है।
उल्लेखनीय है कि, देश की पहली मेट्रो सेवा कोलकाता में शुरू हुई थी, लेकिन जमीन अधिग्रहण और अन्य समस्याओं के कारण विस्तार की गति धीमी रही है। इस बीच, अमित शाह के इस वादे ने चुनावी माहौल में नई बहस छेड़ दी है कि क्या हाबरा और अशोकनगर वास्तव में मेट्रो सेवा से जुड़ पाएंगे या यह केवल चुनावी रणनीति का हिस्सा है।——————–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal