आगामी पांच मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है : अमित शाह

हुगली : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आगामी 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हुगली जिले के कोन्नगर स्थित आलकाली मैदान में जनसभा को संबोधित किया।

 

अपने संबोधन की शुरुआत में अमित शाह ने स्थानीय मंदिरों और महान विचारक ऋषि अरविंदो घोष को नमन करते हुए भाषण की शुरुआत की। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में भाजपा को 110 से अधिक सीटें मिलने का अनुमान है और आगामी पांच मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

 

अमित शाह ने अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य से “एक-एक घुसपैठिए” को बाहर किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन्हें अपना वोट बैंक बना रखा है। साथ ही उन्होंने राज्य में कथित “सिंडिकेट राज” को समाप्त करने का भी वादा किया।

 

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने संदेशखाली, आरजीकर, दुर्गापुर और कोलकाता के विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि महिलाएं रात में भी सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य परिवहन की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

जनसभा में अमित शाह ने कई लोक-कल्याणकारी वादे भी किए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर हर लड़की को स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई के लिए 50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी और गरीबों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

 

राम मंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुगलों से लेकर ममता बनर्जी तक ने इसका विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर का निर्माण संभव हो सका। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, तब तक राज्य में “बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी।”

 

इस दौरान अमित शाह ने उत्तरपाड़ा से भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती, श्रीरामपुर से भास्कर भट्टाचार्य, चांपदानी से दिलीप सिंह और चंडीतला से देवाशीष मुखर्जी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com