हरभजन सिंह के घर पर भारी बवाल: नेमप्लेट पर पोती कालिख, दीवार पर लिखा पंजाब का गद्दार; AAP में मची रार

चंडीगढ़ : पंजाब की सियासत में इन दिनों उबाल चरम पर है। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसदों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सड़कों पर उतर आया है। पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के आवास पर अज्ञात लोगों द्वारा ‘पंजाब का गद्दार’ लिखने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

 

हरभजन सिंह के घर पर ‘ब्लैक स्प्रे’ से हमला, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

सांसद हरभजन सिंह के घर के बाहर की दीवारों पर काले रंग से ‘पंजाब का गद्दार’ लिख दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग सरेआम स्प्रे पेंट से दीवारें खराब करते नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों को रोकने के पुख्ता इंतजाम नहीं दिखे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पंजाब की जनता की भावनाओं का गुबार है जो दलबदल करने वालों के खिलाफ फूट रहा है।

 

भगवंत मान का तीखा हमला: ‘डर और लालच से पार्टी तोड़ रही भाजपा’

इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और बागी नेताओं पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी जमीन खो चुकी है, इसलिए वह अब डर, लालच और दबाव की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने भाजपा को ‘बंदे खानी पार्टी’ करार देते हुए कहा कि यह पार्टी जिस भी क्षेत्रीय दल के साथ हाथ मिलाती है, उसे ही खत्म करने की कोशिश करती है। मान ने महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा का एकमात्र लक्ष्य क्षेत्रीय ताकतों को कुचलना है।

 

‘कुर्सी के लिए जनता से विश्वासघात’, गद्दारी को इतिहास नहीं करेगा माफ

दलबदल करने वाले सांसदों पर बरसते हुए सीएम मान ने कहा कि इन नेताओं को बिना जनता के बीच गए, बिना हाथ जोड़े सीधे बड़े पद मिल गए थे। जब सब कुछ बना-बनाया मिला, तो इन्होंने निजी स्वार्थ के लिए पंजाब की पीठ में छुरा घोंप दिया। उन्होंने कहा, “विज्ञान ने बहुत तरक्की कर ली है, लेकिन गद्दार नेताओं के मन को पढ़ने वाली मशीन आज तक नहीं बनी।” मान ने साफ किया कि 6-7 लोगों के जाने से न तो आम आदमी पार्टी कमजोर होगी और न ही पंजाब की नीयत बदलेगी।

 

राघव चड्ढा और अन्य बागियों पर तंज: सत्ता का सुख भोगकर अब हो रही ‘घुटन’

मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से राघव चड्ढा और अन्य नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो नेता आज पार्टी में ‘घुटन’ महसूस होने का बहाना बना रहे हैं, वे लंबे समय तक सत्ता की मलाई चाटते रहे। मान ने आरोप लगाया कि कृषि कानूनों पर मिली हार के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब से नाराज हैं और इसीलिए केंद्र सरकार राज्य के ग्रामीण विकास कोष (RDF) को रोककर बदला ले रही है।

 

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इस दलबदल और सड़क पर जारी संग्राम ने चुनावी जंग को और भी रोचक बना दिया है। फिलहाल, हरभजन सिंह के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन राजनीतिक पारा गिरने का नाम नहीं ले रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com