भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का राजस्थान दौरा, पार्टी के सात कार्यालयों का उद्घाटन किया

जयपुर/टोंक : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने पदभार संभालने के बाद सोमवार को राजस्थान के पहले दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टोंक से वर्चुअल माध्यम द्वारा राजस्थान के टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर एवं बाड़मेर जिलों में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जालोर जिला कार्यालय का शिलान्यास भी किया।

 

टोंक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल ईंट और बालू से बना ढांचा नहीं होता, बल्कि यह संगठन के संकल्प और विचारों का केंद्र होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करें।उन्होंने कहा कि राजनीति में शॉर्टकट से बचना चाहिए। राजनीति 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी दूरी की दौड़ है, जहां धैर्य और निरंतरता की परीक्षा होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धैर्य, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने की सलाह दी।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो कार्य किए हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और उनके बलिदान व मेहनत से ही पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। एक समय ऐसा भी था जब भाजपा के केवल दो सांसद थे और पार्टी का मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष से आज पार्टी नई ऊंचाइयों पर पहुंची है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान में संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। राजस्थान आज सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि युवा जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बनें।

 

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, जबकि केंद्र सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हाेंने कहा कि जो दल अपनी ही माताओं और बहनों को सम्मान नहीं दे सके, वही इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस ने महिलाओं का हक क्यों छीना और उन्हें राजनीतिक भागीदारी से वंचित रखने का प्रयास क्यों किया।

 

राजस्थान प्रभारी राधामोहन अग्रवाल ने सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि टोंक में हमारे ही विधायक हुआ करते थे। आज एक बहरूपिया टोंक का विधायक बन गया। वो न तो आपके टोंक का निवासी और न ही राजस्थान का है। उन्होंने कहा कि मैं सपने में नहीं सोचूंगा कि मैं राजस्थान का विधायक बनूं। मैं यूपी का भगोड़ा नहीं हूं, वहां का मजबूत राजनेता हूं। ये कौनसी प्रथा बना ली कि किसी प्रदेश से कोई आदमी भेज दे तो आप उन्हें माला पहना देते हैं। एक समूह बनाकर उन्होंने आपको पैरों में डाल दिया।

 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारियों से भरी पड़ी है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल और रॉबर्ट वाड्रा का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी जमानत पर हैं और जनता को इन्हें माफ नहीं करना चाहिए। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहिए कि उन्होंने गैस, पेट्रोल और डीजल की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि जब श्रीलंका ने हाथ जोड़कर डीजल और पेट्रोल मांगा तो भारत ने मदद की। बांग्लादेश ने भी मांगा तो उसे भी दिया गया। यह हमारे पड़ोसी धर्म का पालन है और यह इसलिए संभव हुआ क्योंकि देश में पर्याप्त व्यवस्था थी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय वे संसद के बाहर ईंटें रखकर कह रहे थे कि गैस खत्म हो गई है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं। राज्य सरकार पानी, बिजली, रोजगार, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल के माध्यम से राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में कार्यालय बनने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं को कार्य करने के लिए सशक्त मंच प्राप्त होगा। भाजपा सरकार का उद्देश्य हर वर्ग को सशक्त बनाना है चाहे वह किसान हो, युवा हो या महिला। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से बचें और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली ताकतों का साथ दें। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक मजबूत होगा तभी देश विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।

 

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, हीरालाल नागर, विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जोनपुरिया, भाजपा महामंत्री डॉ मिथिलेश गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। हेलीकॉप्टर की तकनीकी समस्या के कारण टोंक पहुंचने में करीब ढाई घंटे की देरी हुई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com