सिलीगुड़ी। शहर के भक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ उसके सौतेले पिता द्वारा कथित छेड़छाड़ और शारीरिक उत्पीड़न का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने युवती के सौतेले पिता और उसकी मां दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब दो साल पहले युवती की मां ने आरोपित से शादी की थी। शादी न होने के कारण युवती अपने मां और सौतेले पिता के साथ ही रह रही थी। आरोप है कि पिछले कुछ समय से सौतेला पिता युवती के साथ लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा था। आरोप है कि मां इस सब से अवगत होने के बावजूद चुप रही।
आखिरकार परेशान होकर युवती ने पड़ोसियों को पूरी घटना बताई। इसके बाद स्थानीय लोग उसे लेकर सीधे भक्ति नगर थाने पहुंचे।
शिकायत पाकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान बयानों में विरोधाभास सामने आने और घटना की पुष्टि होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोग आरोपितों के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal