कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सूबे की सियासत में उबाल आ गया है। करारी हार और सत्ता से बेदखली के संकट के बीच मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नवनिर्वाचित विधायकों के साथ हुई हाई-वोल्टेज बैठक में ममता बनर्जी ने दो टूक कहा कि वह किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी, भले ही केंद्र सरकार उन्हें बर्खास्त कर दे।
‘नैतिक रूप से मैं ही विजेता, जबरदस्ती हराया गया’
बैठक के दौरान ममता बनर्जी बेहद हमलावर मूड में दिखीं। उन्होंने कहा, “जो लोग हारे हैं, उन्हें साजिश के तहत जबरदस्ती हराया गया है। मैंने उन्हें नैतिक रूप से हरा दिया है। मैं एक आजाद पंछी हूं और मैंने जनता के लिए काम किया है। हार के बावजूद हम लड़ेंगे।” ममता ने साफ किया कि वह लोकभवन जाकर इस्तीफा सौंपने की औपचारिकता पूरी नहीं करेंगी, क्योंकि उनकी नजर में यह चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा ‘अत्याचार’ था।
काले कपड़े पहनकर विरोध जताएंगे TMC विधायक
ममता बनर्जी ने इस हार को ‘काला दिन’ करार देते हुए अपने विधायकों को खास निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के पहले दिन सभी नवनिर्वाचित विधायक काले कपड़े पहनकर सदन पहुंचेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। साथ ही उन्होंने पार्टी के भीतर गद्दारी करने वालों को भी चेतावनी दी। ममता ने कहा, “जिन्होंने पीठ में छुरा घोंपा और विश्वासघात किया, उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।”
EC को बताया ‘खलनायक’, कहा- 90 लाख वोट हटाए गए
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता ने चुनाव आयोग (EC) पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे ‘खलनायक’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान सर्वर से करीब 90 लाख वोट हटाए गए और बीजेपी ने सत्ता के दम पर 100 सीटें लूट लीं। उन्होंने बंगाल पुलिस से लेकर सीआरपीएफ और मुख्य निर्वाचन अधिकारी तक को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उनके साथ धक्का-मुक्की हुई, जिससे उन्हें सीने में दर्द की शिकायत भी रही।
इंडिया गठबंधन का मिला साथ, राहुल-सोनिया से हुई बात
ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि बंगाल की लड़ाई अब राष्ट्रीय स्तर पर लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा, “बंगाल के बाद अब ‘टीम इंडिया’ एकजुट है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन ने मुझसे फोन पर बात की है। मैं हमेशा इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी रहूंगी और हम मिलकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे।”
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal