नागपुर : खराब मौसम और भारी बारिश के कारण नागपुर में दृश्यता कम होने और तेज हवा के चलने से बेंगलुरु से नागपुर आ रही उड़ान को रायपुर की ओर डायवर्ट करना पड़ा। पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को सुरक्षित रूप से रायपुर हवाई अड्डे पर उतारा।
इंडिगो फ्लाइट 6ई 6003 बेंगलुरु से दोपहर 3:35 बजे रवाना हुई थी और इसका नागपुर में 4:07 बजे पहुंचना निर्धारित था लेकिन जब विमान नागपुर के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तब शहर में तेज बारिश और तूफानी हवा शुरू हो गई। पायलट ने कुछ समय तक आसमान में चक्कर लगाकर लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन रन-वे पर खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से विमान को रायपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इस घटना से यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया।
अन्य उड़ानें भी प्रभावित
इस बारिश का असर केवल एक विमान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नागपुर से संचालित कई अन्य उड़ानों पर भी इसका प्रभाव पड़ा।
स्टार एयर (नागपुर–नांदेड़): लगभग 6 घंटे की देरी
इंडिगो (नागपुर–नवी मुंबई): 1 घंटे की देरी
इंडिगो (नागपुर–हैदराबाद): 1 घंटे की देरी
इंडिगो (नागपुर–पुणे): 50 मिनट की देरी
यात्रियों को हुई परेशानी
दोपहर की बारिश से जहां शहर में मौसम सुहावना हो गया, वहीं हवाई यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।—————————–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal