क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सऊदी प्रो लीग में पूरे किए 100 गोल, अल-नस्र की शानदार जीत

रियाद : दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गुरुवार को सऊदी प्रो लीग में अपना 100वां गोल दागकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। रोनाल्डो के गोल की बदौलत अल-नस्र ने अल-शबाब को 4-2 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी बढ़त मजबूत कर ली।

 

41 वर्षीय रोनाल्डो ने मैच के 75वें मिनट में सादियो माने के क्रॉस पर शानदार फिनिश करते हुए यह खास मुकाम हासिल किया। यह उनके पेशेवर करियर का 971वां गोल भी रहा। मौजूदा सत्र में रोनाल्डो अब तक 26 लीग गोल कर चुके हैं।

 

अल-नस्र के मुख्य कोच जॉर्ज जीसस ने मैच के बाद कहा, “रोनाल्डो हमेशा आक्रमण में खतरनाक साबित होते हैं और आज भी उन्होंने यह दिखा दिया।”

 

इस मुकाबले में जुआओ फेलिक्स ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे। जुलाई में चेल्सी से टीम में शामिल हुए फेलिक्स लगातार बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

 

इस जीत के साथ अल-नस्र ने 32 मैचों में 82 अंक हासिल कर लिए हैं और वह दूसरे स्थान पर मौजूद अल-हिलाल से पांच अंक आगे निकल गया है। हालांकि अल-हिलाल के पास अभी तीन मैच बाकी हैं।

 

अब अल-नस्र का अगला मुकाबला अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी अल-हिलाल के खिलाफ होगा, जिसे लीग खिताब की दौड़ में निर्णायक माना जा रहा है।

 

कोच जॉर्ज जीसस ने कहा, “यह डर्बी मुकाबला बेहद अहम है। हम पूरी एकाग्रता के साथ इसकी तैयारी कर रहे हैं क्योंकि छोटे-छोटे पल मैच का परिणाम तय कर सकते हैं।”

 

पांच बार के बैलन डी’ऑर विजेता रोनाल्डो दिसंबर 2022 में अल-नस्र से जुड़ने के बाद से अभी तक सऊदी अरब में कोई बड़ा खिताब नहीं जीत सके हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com