नई दिल्ली : तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कड़गम(टीवीके) गठजोड़ पर सियासी घमासान तेज हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे आज भारतीय राजनीति में सबसे बड़े मौकापरस्त साबित हुए हैं, जो हर राज्य में क्षेत्रीय दलों के कंधों पर सवार होकर राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन बदले में उन्हीं सहयोगियों को राजनीतिक नुकसान पहुंचाते हैं।
चुग ने शुक्रवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल की राजनीतिक परिस्थितियां यह साफ दिखा रही हैं कि राहुल गांधी विपक्ष को मजबूत करने नहीं बल्कि तोड़ने का काम कर रहे हैं। चुग ने कहा कि इंडी गठबंधन का सबसे बड़ा संकट नेतृत्व का नहीं बल्कि भरोसे का है, क्योंकि राहुल गांधी अपने सहयोगियों के लिए राजनीतिक बोझ बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में सहयोगियों के साथ टकराव, तमिलनाडु में सत्ता समीकरणों पर असमंजस और केरल में कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई यह साबित करती है कि राहुल ने विपक्षी राजनीति को अविश्वास और भ्रम की राजनीति में बदल दिया है।
उल्लेखनीय है कि विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से दस कम हैं। सरकार बनाने के लिए उसे अन्य दलों के समर्थन की आवश्यकता है। टीवीके को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और विदुथलाई चिरुथैगल कड़गम (वीसीके) का समर्थन मिल गया है, जो सभी डीएमके के सहयोगी हैं। इन चुनावों में कांग्रेस ने पांच, सीपीआई, सीपीआई-एम और वीसीके ने दो-दो सीटें जीती हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal