“घर बुलाकर बदतमीजी करते हो…”, नसीमुद्दीन सिद्दीकी भड़के, बीच मंच से उठकर चले गए; मुरादाबाद में सपा कार्यक्रम में मचा बवाल

मुरादाबाद में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान उस समय भारी हंगामा हो गया जब सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी अचानक नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। यह पूरा मामला रामगंगा विहार स्थित किल्फटन बैंक्वेट हाल में आयोजित प्रेस वार्ता और भोजन कार्यक्रम के दौरान सामने आया।

 

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मंच से नगर विधानसभा सीट के लिए होटल कारोबारी और सपा नेता सलीम अख्तर को टिकट दिए जाने की मांग उठाई गई। जैसे ही समर्थक ने सलीम अख्तर के लिए टिकट की बात कही, नसीमुद्दीन सिद्दीकी भड़क गए और उन्होंने सख्त लहजे में प्रतिक्रिया दी।

 

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि टिकट बांटने का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष का है और वह यहां किसी को टिकट देने नहीं आए हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “मिस्टर सलीम अख्तर होश में रहिए, घर बुलाकर बदतमीजी करते हो।”

 

उनकी इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। समर्थकों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और सलीम अख्तर ने भी उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन नसीमुद्दीन सिद्दीकी गुस्से में वहां से बाहर निकल गए।

 

इस दौरान सलीम अख्तर ने उन्हें रोकने की कोशिश की और माफी भी मांगी, वहीं जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव समेत अन्य नेताओं ने भी उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन नसीमुद्दीन सिद्दीकी बिना खाना खाए ही कार्यक्रम से बाहर चले गए।

 

सीढ़ियों से उतरते समय भी माहौल गरम रहा और उन्होंने दोबारा कहा कि टिकट बांटना उनका काम नहीं है और उन्हें इस तरह के दबाव स्वीकार नहीं हैं।

 

पूरा घटनाक्रम सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर स्थानीय स्तर पर गुटबाजी और टिकट को लेकर खींचतान की चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों में इसे नगर विधानसभा सीट पर दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

सियासी बयानबाजी भी तेज

 

कार्यक्रम के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर भी तीखे आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में मिशन 2027 की तैयारी शुरू हो चुकी है और समाजवादी पार्टी पीडीए के सहारे सत्ता में वापसी करेगी।

 

उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के जरिए चुनावों को प्रभावित करती है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में बंगाल जैसा राजनीतिक फार्मूला नहीं चलेगा और जनता सब समझ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा प्रयास हुआ तो लोग सड़कों पर उतरेंगे।

 

आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी बराबरी कोई नहीं कर सकता और वह पार्टी के बड़े नेता हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है और पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक पूरी तैयारी में जुटी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com