शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद और रविंद्रनाथ टैगोर की धरती बंगाल में भी भाजपा का प्रभाव बढ़ना देश की राजनीति में एक नए दौर का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह समय भारत और भारतीय जनता पार्टी के लिए “स्वर्ण युग” के रूप में देखा जा सकता है।
शांता कुमार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि देश के 28 राज्यों में से 20 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी या उसके सहयोगियों की सरकारें हैं और देश की लगभग 72 प्रतिशत आबादी भाजपा शासित राज्यों में निवास करती है। शांता कुमार ने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत भाजपा के नेतृत्व में एक पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने उभरेगा।
उन्होंने पंचायत और जिला परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1964 में वह अपने गांव गढ़ जमूला पंचायत के पंच बने थे। इसके बाद पंचायत समिति, जिला परिषद, विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा तक का सफर तय करते हुए उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में उन्हें संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने और 130 देशों के प्रतिनिधियों के बीच तीन बार संबोधन करने का अवसर भी मिला।
शांता कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का दूर-दूर तक कोई विकल्प नजर नहीं आता। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं से पंचायत चुनावों में भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे विकास और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नया इतिहास लिखा जा रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और विकास कार्यों को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि देश विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और इसमें प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal