आआपा सरकार ने पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल दियाः राघव चड्ढा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर राज्य की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आआपा ने समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाने का वादा किया था, लेकिन राज्य को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेल दिया।

 

आआपा ने पंजाब को ‘रंगला’ बनाने का वादा किया था, लेकिन पंजाब के खजाने को ‘कंगला’ बनाने का काम किया।

 

पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शनिवार को करीब 10 घंटे तक पूछताछ के बाद चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। ईडी की टीम ने यह कार्रवाई 157 करोड़ की फर्जी बिक्री तथा फर्जी शैल कंपनियों के माध्यम से पैसों की लेन-देन के आधार पर किया।इसके दो दिन पहले गुरुवार को ईडी ने पंजाब के मोहाली से जुड़े दो बड़े रियल एस्टेट ग्रुप्स के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया। ईडी की कार्रवाई के दौरान एक बिल्डिंग की नौंवी मंजिल से करीब 21 लाख रुपये नकद नीचे फेंक दिए गए।

 

इस पर राघव चड्ढा ने पैसे के स्रोत और वैधता पर गंभीर सवाल उठाए।

 

उन्होंने कहा कि कोई भी ईमानदार व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह नहीं फेंक सकता।

 

अगर यह पैसा ईमानदारी से कमाया गया होता तो कोई इसे नौवीं मंज़िल से नीचे नहीं फेंकता। यह घटना स्वयं भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की ओर इशारा करती है।

 

राघव चड्ढा ने जांच के दौरान सामने आए कथित दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूएई, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया स्थित कंपनियों के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये की राउंड-ट्रिपिंग किए जाने के संकेत मिले हैं।

 

उन्होंने कहा कि विदेशी कंपनियों के माध्यम से धन के कथित लेनदेन से बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के नेटवर्क का संकेत मिलता है।

 

राघव ने कहा कि जांच में सामने आए दस्तावेज बताते हैं कि यूएई, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में कंपनियां बनाकर फंड्स की राउंड-ट्रिपिंग की गई। यह पंजाब के जनादेश के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिशों को दबाया गया।

 

उन्होंने कहा कि हमने बार-बार कहा था कि आआपा भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंस चुकी है। जब भी हमने पार्टी के भीतर ये मुद्दे उठाए, हमें चुप करा दिया गया।

 

उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं ने अब पंजाब की जनता के सामने आआपा की सच्चाई उजागर कर दी है।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ राज्य लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, वहीं दूसरी ओर जनता के पैसे को विदेश भेजे जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि एक तरफ पंजाब भारी कर्ज के बोझ से जूझ रहा है, दूसरी ओर आरोप सामने आ रहे हैं कि पंजाब के खजाने को लूटकर हवाला के जरिए पैसा विदेश भेजा जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com