दक्षिण भारत में भाजपा को मजबूत करने वाले महानायक हैं येदियुरप्पा : अमित शाह

चित्रदुर्ग : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को चित्रदुर्ग में आयोजित ‘बीएसवाई अभिमानोस्तव’ कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक माहौल में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिरकत की।

 

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के संगठन को मजबूत करने में येदियुरप्पा का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा ने शून्य से शुरुआत कर पार्टी को खड़ा किया और दक्षिण भारत में भाजपा की पहली सरकार बनने में निर्णायक भूमिका निभाई।

 

गृह मंत्री ने कहा कि किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए येदियुरप्पा ने लगातार कार्य किया है। उनका राजनीतिक जीवन आज की पीढ़ी के नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

इस अवसर पर अमित शाह ने येदियुरप्पा के पांच दशक लंबे राजनीतिक सफर, विधानसभा में दिए गए उनके भाषणों तथा उनके सार्वजनिक जीवन पर आधारित स्मारिका एवं पुस्तकों का विमोचन भी किया। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच नेताओं का भव्य स्वागत किया।

 

वहीं, अपने संबोधन में बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम और विश्वास के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने राज्य में एक बार फिर भाजपा सरकार बनने की इच्छा व्यक्त की।

 

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, वरिष्ठ नेता जगदीश शेट्टार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। राज्य के विभिन्न मठों के स्वामीजी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और येदियुरप्पा को आशीर्वाद दिया।

 

‘अभिमानोस्तव’ कार्यक्रम के लिए चित्रदुर्ग के बाहरी क्षेत्र में विशाल मंच तैयार किया गया था। राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक वाहनों के माध्यम से पहुंचे। आयोजन स्थल पर पेयजल, भोजन, चिकित्सा सहायता और छाया जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com