जगदलपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नेतानार के सीआरपीएफ कैंप में पहले”सेवा डेरा” का लोकार्पण करेंगे। वे नेतानार से देश काे नए बस्तर का संदेश देते दिखेंगे, जिसे कभी नक्सल हिंसा से पहचाना जाता रहा है। इस बस्तर में अब विकास, विश्वास और बदलाव काे प्रर्दशित किया जाएगा। इसी बदलते बस्तर को देश के सामने प्रस्तुत करने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर प्रवास पर आ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकाें में नक्सलियाें के खात्मे के लिए सुरक्षा बलों के स्थापित 400 सुरक्षा एवं सुविधा कैंपों की अहम भूमिका रही है। अब जबकि बस्तर में नक्स्लवाद के समाप्ति के साथ शांति बहाली की घोषणा हो चुकी है, तो यही कैंप “सेवा डेरा” के रूप में काम करेंगे।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह पहला बस्तर प्रवास है, जिसे सरकार और भाजपा दोनों ही ऐतिहासिक रूप देने में जुटे हुए हैं। नेतानार में बनाये जा रहे पहले सेवा केंद्र शहीद गुंडाधुर के नाम से जुड़ा है। यहां के सेवा डेरा को सरकार बस्तर में विकास, जनसेवा और आत्मनिर्भरता के नए मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेगी। “सेवा डेरा” का मॉडल अमित शाह का ही बताया जा रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे की लड़ाई के बीच ही कहा था कि हम कैंपों से अभी सुरक्षा बहाल कर रहे, आगे यहीं से बदलाव की बयार दिखेगी। उनके सेवा डेरा में सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों की गतिविधियों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं से सीधे जोडने की पहल की जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री शाह 18 तारीख को नेतानार में गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल भी जाएंगे और उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बलिदान गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं सजावट को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थल बस्तर के गौरव और जननायक शहीद गुंडाधुर की स्मृति से जुड़ा है, इसलिए यहां सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप का कहना है कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर आगमन बेहद महत्वपूर्ण है। बस्तर से लाल आतंक को समूल समाप्त करने का दृढ़ संकल्प पूर्ण हुआ है। अब बस्तर को विकास की नई धारा से जोड़ने सुनहरा समय आरंभ हो गया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal