तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच के आदेश

Screenshot

नई दिल्ली : रेल मंत्रालय ने तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मंत्रालय के अनुसार जांच में आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

 

यह घटना रविवार सुबह मध्य प्रदेश के कोटा रेल मंडल में लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुई। राजधानी एक्सप्रेस संख्या 12431 के बी-1 कोच में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रभावित डिब्बा एसएलआर कोच के निकट था।

 

बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 5:15 बजे कोच से धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बी-1 कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।

 

रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को लगभग 15 मिनट में बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण कोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल संचालन रोका गया। प्रभावित डिब्बे को ट्रेन से अलग कर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई।

 

रेल मंत्रालय ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी तकनीकी और परिचालन संबंधी पहलुओं की जांच करेंगे। राजधानी एक्सप्रेस रविवार सुबह रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और कोटा पहुंचने से पहले यह घटना हुई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com