आईपीएल 2026: पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार शीर्ष पर बरकरार

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबलों में कई स्टार बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराया, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को मात दी। इस दौरान ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस भी और रोमांचक हो गई।

 

ऑरेंज कैप की दौड़

 

विराट कोहली ने पंजाब के खिलाफ 37 गेंदों में 58 रन की अहम पारी खेली। इस पारी के साथ उनके इस सीजन में 542 रन हो गए हैं और वह ऑरेंज कैप की सूची में शीर्ष के बेहद करीब पहुंच गए हैं। उनसे आगे केवल साई सुदर्शन (554 रन) और शुभमन गिल (552 रन) हैं।

 

वहीं कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 37 रन बनाकर इस सीजन में अपने कुल रन 473 तक पहुंचा दिए और वह आठवें स्थान पर पहुंच गए।

 

दिन के दूसरे मुकाबले में केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ उनके 533 रन हो गए और उन्होंने हेनरिक क्लासेन को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया।

 

राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 46 रन बनाए और अब वह 486 रनों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।

 

पर्पल कैप की दौड़

 

भुवनेश्वर कुमार इस सीजन में शानदार लय में नजर आ रहे हैं। पंजाब के खिलाफ उन्होंने प्रियंश आर्य और प्रभसिमरन सिंह के विकेट चटकाए और 2/38 का प्रदर्शन किया। हालांकि इस मैच में उनकी इकॉनमी थोड़ी महंगी रही, लेकिन विकेट लेने का सिलसिला जारी रहा।

 

इन दो विकेटों के साथ भुवनेश्वर के इस सीजन में 24 विकेट हो गए हैं। वह दूसरे स्थान पर मौजूद कगिसो रबाडा से तीन विकेट आगे हैं। वहीं अंशुल कंबोज उनसे पांच विकेट पीछे हैं।

 

शाम के मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने 2/35 का प्रदर्शन किया। पिछले तीन मैचों में संघर्ष के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और अब 17 विकेट के साथ पर्पल कैप सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com